जमशेदपुर: झारखंड के 26वें स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया। महाराणा प्रताप चौक से शुरू हुई यह दौड़ स्वर्णरेखा नदी घाट पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने दौड़ में शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दिया। दौड़ के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली और अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। हर व्यक्ति को अपने घर के साथ आसपास के क्षेत्र को भी स्वच्छ रखने की आदत अपनानी चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों को झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, विधायक सरयू राय ने कहा कि झारखंड के 26 वर्ष पूरे होने पर राज्य की उपलब्धियों और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर आत्ममंथन करना जरूरी है। केवल विशेष अवसरों पर सफाई अभियान चलाने और शपथ लेने से स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं होगा। इसके लिए प्रत्येक दिन सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने भी स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा जयंती की बधाई देते हुए छठ महापर्व के दौरान घाटों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। स्वच्छता दौड़ में शामिल स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के माध्यम से स्वच्छ शहर, स्वच्छ समाज और स्वच्छ झारखंड का संदेश दिया गया।