रांची: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) में काम करने वाले आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अब आवाज तेज होने लगी है। वेतन से लेकर PF-ESI और ओवरटाइम भुगतान तक के मुद्दों पर मजदूरों ने मोरहाबादी स्थित ऑक्सीजन पार्क में बैठक कर अपनी परेशानियां सामने रखीं। बैठक में JLKM के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेंद्र नाथ महतो भी मौजूद रहे।बैठक में बड़ी संख्या में बिजली विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मियों ने हिस्सा लिया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समय पर वेतन नहीं मिलना, काम के हिसाब से ग्रेड तय करने में पारदर्शिता की कमी और PF-ESI का लाभ जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। इसके अलावा कर्मचारियों ने छुट्टी के दिन काम कराने पर उचित भुगतान, निर्धारित समय से अधिक काम का ओवरटाइम और सालाना बोनस देने की मांग भी रखी। मजदूरों का कहना था कि काम की जिम्मेदारी के अनुरूप उन्हें सुविधाएं और अधिकार मिलने चाहिए।
मजदूरों की शिकायतें सुनने के बाद देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि आउटसोर्सिंग के नाम पर कर्मचारियों के कानूनी अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों को नियमानुसार वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं मिलना जरूरी है।
मामले को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने JMD कंपनी के प्रतिनिधि से फोन पर बात की और कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। कंपनी प्रतिनिधि ने नियमानुसार मिलने वाले अधिकारों और सुविधाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाने का भरोसा दिया। वहीं, श्रम विभाग के अधिकारियों से भी इस मुद्दे पर बातचीत की गई। अधिकारियों ने मजदूरों को लिखित शिकायत सौंपने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि आवेदन मिलने के बाद जांच टीम गठित कर पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में देवेंद्र नाथ महतो ने मजदूरों को एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए यह मुद्दा लगातार उठाया जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कंपनी और श्रम विभाग मजदूरों की शिकायतों पर कब तक ठोस कदम उठाते हैं।