रांची: राजधानी रांची में करीब तीन वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नई नगर सरकार का गठन हो गया है। गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मेयर पद की जिम्मेदारी संभालते हुए रोशनी खलखो ने 53 वार्ड पार्षदों के साथ पद और गोपनीयता की शपथ ली।
वहीं, वार्ड संख्या 31 के पार्षद नीरज कुमार को डिप्टी मेयर चुना गया, जिन्हें 38 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
नई नगर सरकार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती सीमित संसाधनों में शहरवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने की है। नगर निगम की आर्थिक स्थिति फिलहाल संतोषजनक नहीं मानी जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष में 2610 करोड़ रुपये का बजट पारित हुआ है, लेकिन अब तक केवल 115 करोड़ रुपये की ही आय हो सकी है।
ऐसे हालात में शहर के विकास कार्य काफी हद तक केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान पर निर्भर रहेंगे। यदि समय पर फंड उपलब्ध नहीं हुआ, तो योजनाओं के क्रियान्वयन में कठिनाइयां आ सकती हैं।