जमशेदपुर: के एमजीएम अस्पताल में शनिवार को एक महिला होमगार्ड की भावुक अपील ने सभी को झकझोर दिया। बोड़ाम थाना क्षेत्र की रहने वाली फूलकुमारी पिछले पांच महीनों से मानदेय नहीं मिलने और गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। आर्थिक तंगी इस कदर बढ़ गई है कि इलाज कराना भी मुश्किल हो गया है।
शनिवार सुबह जब उन्हें बकाया मानदेय जल्द नहीं मिलने की जानकारी मिली, तो वह भावुक होकर रो पड़ीं और जल्द भुगतान की गुहार लगाने लगीं। फूलकुमारी पिछले छह महीनों से रीढ़ की गंभीर समस्या से पीड़ित हैं। कई सरकारी अस्पतालों में इलाज के बाद उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी गई, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण इलाज नहीं हो पा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अन्य होमगार्ड जवान अस्पताल पहुंचे और उन्हें समझाकर शांत कराया। साथी जवानों ने भी लंबित मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई।
यह घटना एक बार फिर होमगार्ड जवानों की आर्थिक और मानसिक परेशानियों को उजागर करती है। लंबे समय से मानदेय भुगतान में देरी उनके जीवन और स्वास्थ्य दोनों पर भारी पड़ रही है।