Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपने सभी विधायकों को आज शाम तक रांची पहुंचने और 8 जून तक राजधानी में ही मौजूद रहने का निर्देश दिया है। पार्टी के इस कदम को राज्यसभा चुनाव की रणनीतिक तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, JMM राज्यसभा की दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की संभावना पर गंभीरता से विचार कर रहा है। पार्टी नेतृत्व की ओर से संकेत दिए गए हैं कि 8 जून तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा सकती है। ऐसे में सभी विधायकों को एकजुट रखने और संख्या बल का आकलन करने के लिए यह निर्देश जारी किया गया है।
वहीं, कांग्रेस पहले ही राज्यसभा की एक सीट के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस का लगातार यह रुख रहा है कि गठबंधन के तहत एक सीट JMM और एक सीट कांग्रेस को मिलनी चाहिए। लेकिन JMM की ओर से दोनों सीटों पर दावा जताने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे पर मतभेद उभर सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी दल की ओर से खुलकर टकराव की स्थिति स्वीकार नहीं की गई है, लेकिन JMM द्वारा विधायकों को रांची बुलाने के फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें 8 जून पर टिकी हैं, जब उम्मीदवारों के नामों का ऐलान होने की संभावना है। इससे यह भी साफ हो जाएगा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की रणनीति क्या रहने वाली है।