Hazaribagh: हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पोता जंगल में नदी से तीन शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस जांच अब नए चरण में पहुंच गई है। इस हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध के तौर पर हिरासत में लिए गए यूट्यूबर सोहेल किरमानी को पुलिस ने पूछताछ के बाद रिहा कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोहेल को पीड़ित परिवार से कथित वसूली के संदेह में हिरासत में लिया गया था। हालांकि, लंबी पूछताछ, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी जांच के बावजूद उसके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग न मिलने के बाद अब पुलिस ने केस की दिशा बदल दी है। एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में जांच टीम अब अन्य संभावित एंगल और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि 27 मार्च को पोता जंगल के पास नदी से तीन शव बरामद किए गए थे। मृतकों की पहचान आदिल हुसैन (27), सानिया परवीन (19) और खुशी के रूप में हुई थी। ये तीनों कई दिनों से लापता थे, जिसकी शिकायत उनके परिजनों ने पहले ही दर्ज कराई थी।
इधर, राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने भी हजारीबाग पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह ने पुलिस को वैज्ञानिक तरीके से जांच कर जल्द से जल्द दोषियों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं।