रामगढ़: जिले की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देशभर में ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में कुल 274 शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। गृह मंत्रालय की I4C परियोजना के तहत संचालित ‘प्रतिबिम्ब पोर्टल’ से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू हुई थी। सूचना में भारतीय स्टेट बैंक के एक खाते में संदिग्ध लेनदेन की बात सामने आई थी।
जांच के दौरान पता चला कि यह खाता ‘गणेश इंटरप्राइजेज’ के नाम पर MSME योजना के तहत खुलवाया गया था, जिसका इस्तेमाल देशभर से अवैध तरीके से पैसे मंगाने के लिए किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने राहुल गुप्ता (37), रवि कुमार वर्मा (34), रितेश अग्रवाल उर्फ मुन्ना (40) और सोनू कुमार झा (34) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि बैंक खाते खुलवाने के बदले पैसे दिए जाते थे। इन खातों के जरिए ठगी की रकम मंगवाई जाती थी और ओटीपी, मोबाइल बैंकिंग जैसी सेवाओं को सक्रिय कर खातों की जानकारी व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से अन्य अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था। सबसे ज्यादा शिकायतें महाराष्ट्र (48), उत्तर प्रदेश (27), कर्नाटक (27), तमिलनाडु (25), तेलंगाना (22) और पश्चिम बंगाल (20) से दर्ज की गई हैं। कुल मिलाकर 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 274 शिकायतें सामने आई हैं।