रांची: झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 20 जून 2026 तक अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।
जैक के अनुसार, कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की थी कि JTET 2024 में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी अब उनके पास उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से उन्हें JTET 2026 के लिए आवेदन करने में तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
अभ्यर्थियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए परिषद ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जैक ने स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों के पास पुराना मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी उपलब्ध नहीं है, उन्हें सामान्य आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद एक विशेष अवसर दिया जाएगा।
इस विशेष अवधि के दौरान संबंधित अभ्यर्थी वेबसाइट पर अपनी आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी दर्ज कर नए सिरे से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। परिषद का कहना है कि इस कदम से किसी भी योग्य अभ्यर्थी को तकनीकी कारणों से आवेदन से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
जैक के इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से आवेदन प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों के समाधान की मांग कर रहे थे।