Ranchi: झारखंड पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर तीन साल या उससे अधिक समय से एक ही जगह, खासकर लेखा शाखा में जमे पुलिसकर्मियों को 48 घंटे के भीतर हटाने का आदेश जारी किया गया है।
जैप डीआईजी ने इस संबंध में सभी कमांडेंट को निर्देश देते हुए कहा है कि राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात ऐसे सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया जाए, जो लंबे समय से लेखा शाखा में कार्यरत हैं। आदेश के अनुसार, हटाए गए कर्मियों को कम से कम तीन साल तक दोबारा उसी शाखा में पोस्टिंग नहीं दी जाएगी।
दरअसल, हाल के दिनों में बोकारो और हजारीबाग से पुलिस विभाग में वेतन घोटाले और अवैध निकासी से जुड़ी खबरें सामने आई थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने यह सख्त फैसला लिया है, ताकि वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का उद्देश्य सिस्टम को पारदर्शी बनाना और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। सभी जिलों को तय समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।