झारखंड पुलिस विभागीय परीक्षा : जाति प्रमाण पत्र जमा करने का आदेश, 500 कर्मियों को नोटिस

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Ranchi : झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) मुख्यालय ने पुलिस ट्रेड संवर्ग की सीमित विभागीय परीक्षा 2025 को लेकर अहम निर्देश जारी किया है. विभाग ने करीब 500 चतुर्थवर्गीय कर्मियों को नोटिस भेजते हुए जल्द से जल्द जाति प्रमाण पत्र और आरक्षण संबंधी दस्तावेज जमा करने को कहा है.

जानकारी के अनुसार, विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत आयोजित होने वाली इस विभागीय परीक्षा में शामिल होने वाले कई अभ्यर्थियों के जरूरी दस्तावेज अब तक मुख्यालय को प्राप्त नहीं हुए हैं. इसे देखते हुए सभी जिलों, इकाइयों और जैप बटालियनों को लंबित दस्तावेजों की जांच कर तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

मुख्यालय ने अधिकारियों से कहा है कि वे संबंधित कर्मियों की सर्विस बुक में दर्ज आरक्षण श्रेणी और जाति का मिलान करें. साथ ही अभ्यर्थियों से उनके नवीनतम जाति प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी जमा कराना अनिवार्य होगा. यदि कोई कर्मी फिलहाल प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं करा पाता है, तो उससे घोषणा पत्र लिया जाएगा, जिसमें भविष्य में आरक्षण का दावा नहीं करने की बात स्पष्ट करनी होगी.

यह निर्देश रांची, धनबाद, जमशेदपुर, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, चाईबासा, सरायकेला, गुमला, लोहरदगा, पलामू और लातेहार समेत विभिन्न जिलों व जैप बटालियनों को भेजा गया है. सूची में रसोईया, जलवाहक और अन्य चतुर्थवर्गीय कर्मियों के नाम शामिल हैं, जो पदोन्नति या ट्रेड परिवर्तन के लिए परीक्षा में भाग लेने वाले हैं.

पुलिस ट्रेड सीमित विभागीय परीक्षा समिति के सह-अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और लंबित दस्तावेज जल्द से जल्द मुख्यालय भेजे जाएं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *