Hazaribagh: के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित कुमार बॉयज हॉस्टल में रहने वाले एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कोर्रा चौक के मुसन साव गली की बताई जा रही है।
मृतक छात्र की पहचान गिरिडीह निवासी पंकज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह हजारीबाग में रहकर स्नातक प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद कमरे को खोला जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जाएगा। फिलहाल छात्र की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार पंकज पढ़ाई के साथ टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी काफी सक्रिय था। उसने “वन नियर” नाम का एक ऐप विकसित किया था, जो बाहर से पढ़ाई करने आने वाले छात्रों को हॉस्टल, कमरा और कॉलेज संबंधी जानकारी उपलब्ध कराता था। इस ऐप के जरिए छात्र घर बैठे अपने बजट के अनुसार रहने की व्यवस्था खोज सकते थे और दलालों से बच सकते थे।