पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग, गार्ड को लगी गोली; वर्चस्व की लड़ाई का एंगल जांच में

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

पटना: बिहार की राजधानी पटना का प्रमुख कोचिंग हब मुसल्लाहपुर हाट मंगलवार शाम गोलियों की आवाज से दहल उठा। देश के चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कोचिंग संस्थान को निशाना बनाते हुए करीब पांच से छह राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।

फायरिंग की इस घटना में कोचिंग सेंटर की सुरक्षा में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने गोलीबारी के साथ-साथ कोचिंग सेंटर के बाहर लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP) समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक और तकनीकी टीमों ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

मामले पर एएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि गार्ड घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घायल गार्ड और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में मामला कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

वहीं घटना के बाद खान सर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी कोचिंग की सफलता और कम फीस में शिक्षा देने की वजह से कुछ लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा, “हम गरीब और मध्यम वर्ग के छात्रों को कम फीस में पढ़ाते हैं, जिससे बड़ी संख्या में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं। यही कुछ लोगों को खटक रहा है।”

खान सर ने दावा किया कि हमलावरों ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्ड ने हमलावरों को पहचान लिया है और वे पास के ही एक कोचिंग संस्थान से जुड़े लोग बताए जा रहे हैं। खान सर के अनुसार, उनके संस्थान को पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं और प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *