रामगढ़: फर्जी भर्ती के नाम पर ठगी करने वाले एक जालसाज को रामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लखनऊ मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सटीक सूचना के आधार पर 23 अप्रैल को की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामगढ़ निवासी किशन केसरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी रामगढ़ आर्मी कैंट में विभिन्न नौकरियों में भर्ती दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूल रहा था। उसने कई स्थानीय नागरिकों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसी बहाने 4-5 लोगों से एक लाख रुपये से अधिक की रकम ठग ली।
जब पीड़ितों का चयन नहीं हुआ और उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया और फरार हो गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल रामगढ़ पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि इस फर्जी भर्ती गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके।