खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में OBC आरक्षण को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। पिछड़ा वर्ग संघर्ष समिति के आह्वान पर मंगलवार को बंद और चक्का जाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पांच जिलों में OBC और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए शून्य आरक्षण की व्यवस्था खत्म करने की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध जताया। समिति का आरोप है कि जिला स्तरीय सरकारी नियुक्तियों में OBC और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आरक्षण का उचित लाभ नहीं मिल रहा है। इसी मुद्दे को लेकर बंद के दौरान कई जगहों पर सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलनकारियों ने सरकार से पांच जिलों में लागू शून्य आरक्षण की व्यवस्था की समीक्षा कर OBC वर्ग को उसका संवैधानिक अधिकार देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक इस मामले में ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन को आगे भी तेज किया जा सकता है। बंद और चक्का जाम को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। आंदोलन के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।