रांची/खूंटी: खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोंदारी पाकर टोली स्थित निर्माणाधीन पुल साइट पर रविवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग और लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। हालांकि मजदूरों की सूझबूझ और एकजुटता के कारण अपराधियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
जानकारी के अनुसार अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधी अचानक निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां काम कर रहे मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इसके बाद बदमाशों ने करीब एक दर्जन मजदूरों के मोबाइल फोन लूट लिए। दहशत फैलाने के उद्देश्य से अपराधियों ने चार राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायरिंग के बावजूद मजदूर डरे नहीं और सभी एकजुट होकर लाठी-डंडा लेकर अपराधियों के पीछे दौड़ पड़े। मजदूरों का विरोध बढ़ता देख बदमाश घबरा गए और अपनी अपाचे बाइक घटनास्थल पर ही छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की छोड़ी गई बाइक बरामद कर ली है। तोरपा सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंह ने बताया कि बरामद बाइक के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। साथ ही लूटे गए मोबाइल फोन की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले में पीएलएफआई कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि सोंदारी पाकर टोली से गुडगुडचुंवा तक करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।