Ranchi: नगर निकाय चुनाव के दौरान गिरिडीह के वार्ड संख्या 27 में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बुलाकी रोड स्थित बूथ संख्या 1 और 2 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। मतदान के बीच अचानक हुई इस झड़प से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी नोकझोंक और फिर मारपीट में बदल गया। झड़प में करीब चार लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मतदान केंद्र के आसपास माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव और डीएसपी नीरज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद दोनों पक्षों को तितर-बितर कर दिया गया।
डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और दोनों बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरिडीह के वार्ड 27 में बवाल: समर्थकों की झड़प के बाद पुलिस का लाठीचार्ज, फिर पटरी पर लौटी वोटिंग
Leave a Comment