Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य में संपन्न निकाय चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का महापर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और लगभग 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके लिए उन्होंने राज्य के 48 नगर निकायों की जनता और निर्वाचन आयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव भाजपा के दबाव के कारण कराए गए, क्योंकि राज्य सरकार इसे टालना चाहती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले ही आशंका जताई थी कि सरकार प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर सकती है।
आदित्य साहू ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं को मतदान से वंचित किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भगवा गमछा पहनकर मतदान केंद्र पहुंचे कुछ लोगों को मतदान करने से रोका गया। इसके अलावा, एक विशेष दल को प्रशासनिक सहयोग मिलने की बात भी उन्होंने कही।
प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से मांग की कि मतगणना पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाए, ताकि जनता का विश्वास लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बना रहे।