रांची: राजधानी रांची के बुढ़मू अंचल से जुड़े भूमि मामले की जांच अब तेज हो गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अंचल अधिकारी (सीओ) सचिदानंद कुमार को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ शुरू की है। जांच एजेंसी कथित भूमि अनियमितताओं से जुड़े सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है। हालांकि, एसीबी की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, जांच के क्रम में एसीबी ने पहले बुढ़मू अंचल में कार्यरत रहे एक पूर्व राजस्व कर्मचारी से भी पूछताछ की थी। उस दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य इनपुट के आधार पर सीओ सचिदानंद कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया। फिलहाल उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है और कई अहम बिंदुओं पर जवाब लिए जा रहे हैं। जानकारी यह भी सामने आई है कि इस मामले में सीओ के अलावा दो अन्य व्यक्तियों से भी एसीबी पूछताछ कर रही है। जांच टीम भूमि से संबंधित अभिलेखों, सरकारी दस्तावेजों और संबंधित लोगों के बयानों का मिलान कर रही है, ताकि कथित गड़बड़ियों की सच्चाई सामने लाई जा सके।
सूत्रों का कहना है कि यदि जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य सामने आते हैं या पूछताछ में मिले जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो एसीबी कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई कर सकती है। फिलहाल एजेंसी पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है और जांच लगातार जारी है।