रांची: राजधानी रांची के नामकुम अंचल से जुड़े भूमि विवाद मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद अंचल कार्यालय के दस्तावेजों में कथित हेरफेर और जमीन की खरीद-बिक्री की जांच की जा रही है।
शुक्रवार को इस मामले में याचिकाकर्ता थॉमस साइमन साइरिल हंस की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान एसीबी ने अदालत को बताया कि संबंधित अंचल अधिकारियों के खिलाफ प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है और प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज करने के लिए आवश्यक अनुमति मांगी गई है।
एसीबी की इस जानकारी के बाद हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई में पीई से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति राजेश शंकर की पीठ में हुई।
उल्लेखनीय है कि 4 मई को हाईकोर्ट ने नामकुम अंचल के एक दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामले में मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जाने को गंभीर मानते हुए एसीबी को पूरे प्रकरण की जांच का आदेश दिया था। यह विवाद नामकुम अंचल के डुंडु क्षेत्र स्थित एक भूमि से जुड़ा हुआ है।
अब सभी की निगाहें एसीबी की आगामी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजस्व रिकॉर्ड में किसी प्रकार की अनियमितता हुई थी या नहीं और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।