रांची में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 4 युवक गिरफ्तार; 338.96 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची में ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास की गई छापेमारी में पुलिस ने 4,000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। जब्त नशीले पदार्थ का कुल वजन 338.96 ग्राम बताया गया है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप के नजदीक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना में सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा का नाम सामने आया था। इसके बाद रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बनाया गया।

भागने की कोशिश कर रहे चार युवक पकड़े गए

छापेमारी के दौरान पुलिस को झाड़ियों में पांच से छह युवक छिपे हुए मिले। पुलिस को देखते ही युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से ब्राउन शुगर के अलावा चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

गिरफ्तार युवकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा और अंकित तिवारी, तीनों निवासी एकता नगर, जगन्नाथपुर, तथा रितिक राज, निवासी सिद्धियो रोड, पटेल कॉलोनी, धुर्वा के रूप में हुई है।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब बरामद ब्राउन शुगर के स्रोत और उसके सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *