रांची: के हरमू स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को झारखंड भाजपा की अहम संगठनात्मक बैठक हुई। नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, सह प्रभारी सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के पहली बार रांची पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की आगे की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया।
भाजपा की ओर से संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ आगामी सांगठनिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को विदाई भी दी गई। नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के आगमन के बाद हुई इस बैठक को झारखंड भाजपा की आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।