दुमका: झारखंड हाईकोर्ट को जब्त बाइक के संबंध में गलत जानकारी देना दुमका नगर थाना प्रभारी अशोक राम को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संथाल परगना रेंज के DIG अंबर लकड़ा ने अशोक राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पांच साल पहले जब्त हुई थी बाइक
मामला करीब पांच साल पुराना बताया जा रहा है। नगर थाना पुलिस ने थाना के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले विमान काहली की मोटरसाइकिल जब्त की थी। वाहन का परिवहन विभाग की ओर से चालान भी किया गया था। हालांकि, वाहन मालिक ने उस समय अदालत के माध्यम से बाइक रिलीज नहीं कराई थी।
बाइक की जानकारी मांगने पर कोर्ट को दिया जवाब
हाल ही में विमान काहली ने अपनी बाइक वापस लेने के लिए झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने दुमका नगर थाना को वाहन की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। आरोप है कि थाना प्रभारी अशोक राम ने जांच-पड़ताल के बाद अदालत को जानकारी दी कि संबंधित नंबर की बाइक थाना परिसर या पुलिस के कब्जे में नहीं है। लेकिन बाद में वही बाइक थाना परिसर से बरामद हो गई।
विरोधाभासी जवाब पर हुई कार्रवाई
हाईकोर्ट को वाहन के संबंध में गलत और विरोधाभासी जानकारी दिए जाने को पुलिस अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना। मामले की जानकारी मिलने के बाद दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने DIG अंबर लकड़ा को पत्र भेजकर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की।एसपी की रिपोर्ट के आधार पर DIG ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अशोक राम को निलंबित कर दिया और उन्हें पुलिस लाइन हाजिर कर दिया।
नए थाना प्रभारी की नियुक्ति तक अतिरिक्त प्रभार
वहीं, नगर थाना में नए थाना प्रभारी की पदस्थापना होने तक मुफस्सिल थाना प्रभारी जगन्नाथ धान को नगर थाना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। मामले में पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट है कि न्यायालय के समक्ष तथ्य प्रस्तुत करने में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।