रांची/सिल्ली: झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थ अमीन को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, जमीन से जुड़े एक मामले में काम कराने के एवज में अमीन ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद मामले की सत्यता की जांच की गई।
जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर अमीन के पास पहुंचा। जैसे ही 50 हजार रुपये की रिश्वत ली गई, वहां पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमीन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की मुहिम को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।