रांची में अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में सड़क पर उतरे लोग, DPS चौक पर लगा भीषण जाम

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: राजधानी रांची के एचईसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ अवैध निर्माणों को हटाने पहुंची, तो स्थानीय विस्थापितों और लोगों का विरोध तेज हो गया। आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए और बिरसा चौक-हरमू बाईपास रोड पर DPS चौक के पास सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के कारण बाईपास रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल बसों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए, जिससे राहगीरों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि मंगलवार से शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को भी नगर निगम के बुलडोजर और पुलिस बल एचईसी की सीमा में पहुंचे। कार्रवाई शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। जाम की सूचना पर मौके पर तैनात पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को समझाने और सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन की कार्रवाई और स्थानीय लोगों के विरोध के बीच इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है, जबकि जाम के कारण वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *