रांची: धुर्वा स्थित ब्रह्मचारी आश्रम मैदान में मंगलवार को आयोजित राजद मिलन समारोह में भाजपा महिला मोर्चा और महानगर पुरुष टीम से जुड़े सैकड़ों लोगों ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। राजद प्रवक्ता कैलाश यादव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष उषा यादव, महासचिव पार्वती ठाकुर, सचिव इंदु कुशवाहा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा।कार्यक्रम के दौरान उषा यादव, पार्वती ठाकुर, इंदु कुशवाहा, ज्योति कुशवाहा, पूनम राय, अमरजीत कौर, माला देवी, आशा देवी, नैना यादव, चंदा राय, लक्ष्मी देवी, राजमती देवी, बिंदु राय, नीतू चौधरी, नमिता देवी, बासमती देवी, शारदा देवी, शिवकुमारी देवी, नीरज यादव, आलोक यादव, कौशल सिंह, अनिकेत कुमार, अभिषेक कुमार और रोहित यादव समेत बड़ी संख्या में लोगों ने राजद की सदस्यता ली।
राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने नए सदस्यों को पार्टी का झंडा और पट्टा सौंपते हुए विधिवत सदस्यता दिलाई। इस मौके पर वरिष्ठ राजद नेता रामकुमार यादव, आबिद अली, मनोज पांडेय, प्रणय कुमार बबलू सहित कई नेता मौजूद रहे।
राजद में शामिल हुईं भाजपा नेत्री उषा यादव और पार्वती ठाकुर ने भाजपा पर महिलाओं को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आम लोग परेशान हैं और महिलाओं को धर्म के नाम पर ध्रुवीकृत करने की राजनीति की जा रही है। दोनों नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और गरीब-पिछड़े वर्गों के हितों को देखते हुए उन्होंने राजद की विचारधारा में विश्वास जताया है।नए सदस्यों ने दावा किया कि आने वाले दिनों में भाजपा से बड़ी संख्या में और लोग राजद में शामिल होंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए काम करने की बात कही। वहीं, कैलाश यादव ने भाजपा छोड़कर राजद में आए सभी लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें सम्मान और संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित नफरत और फरेब की राजनीति से नाराज होकर लोग राजद की ओर रुख कर रहे हैं और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।