रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर की शाम हेहल ग्राउंड के पास कुछ संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध युवक मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर नितेश मिर्धा को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक आईफोन बरामद किया गया।
इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी ऋतिक राज को रातू थाना क्षेत्र के नवाटोली सिमलिया से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सुखदेवनगर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार आरोपियों तक कैसे पहुंचा और क्या दोनों किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा हेहल ग्राउंड में उनके एकत्र होने और कथित तौर पर अपराध की योजना बनाने के पीछे की वास्तविक मंशा की भी जांच की जा रही है।