पटना: पटना के इस्कॉन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंदिर पहुंचे और अपने कर-कमलों से जन्माष्टमी समारोह का उद्घाटन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान श्री कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती में भी शामिल हुए।
सीएम ने बिहारवासियों के लिए मांगी सुख-शांति की कामना
पूजा-अर्चना के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भगवान श्री कृष्ण से बिहारवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और पूजा का सिलसिला लगातार जारी रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के जयकारे लगाते दिखाई दिए।
डिप्टी सीएम समेत कई नेता रहे मौजूद
जन्माष्टमी महोत्सव में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई नेता, मंदिर के पुजारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है और भक्तों में जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नितिन नवीन भी पहुंचेंगे इस्कॉन मंदिर
वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पटना पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही इस्कॉन मंदिर पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण के दर्शन करेंगे। उनके साथ भाजपा के कई नेता भी मौजूद रहेंगे। जन्माष्टमी के मौके पर पटना का इस्कॉन मंदिर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद अब श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं को नितिन नवीन के मंदिर पहुंचने का इंतजार है।