बोकारो: तेनुघाट ओपी क्षेत्र के चांपी के पास देर रात करीब 12 बजे एक फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार बबलू कुमार और रोहित कुमार घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।जानकारी के अनुसार, दोनों युवक चांपी स्थित अपने ननिहाल से जैनामोड़ टांड़ मोहनपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक के अचानक सामने आने और चकमा देने के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी।
हादसे के बाद दोनों युवक किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर नहर से ऊपर आए। सुबह नहर में फॉर्च्यूनर दिखाई देने के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर तेनुघाट ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने बताया कि दोनों युवकों को चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। समय रहते दोनों के वाहन से बाहर निकलने के कारण बड़ा हादसा टल गया।