जयराम महतो विवाद पर जयमंगल सिंह का बड़ा बयान, बोले- ‘हम भी डांटते हैं, लेकिन किसी को गाली नहीं देते’

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

Bokaro: डुमरी विधायक जयराम महतो और पुलिस अधिकारी के बीच कथित गाली-गलौज का मामला लगातार सुर्खियों में है. इस विवाद को लेकर अब बेरमो विधायक जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. खास बात यह है कि जयराम महतो और जयमंगल सिंह के बीच राजनीतिक अदावत किसी से छिपी नहीं है. जयराम महतो ने बेरमो विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ा था. एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने जयमंगल सिंह से जयराम महतो के विवादित प्रकरण को लेकर सवाल किया. उनसे पूछा गया कि जिस तरह जयराम महतो ने कथित तौर पर पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, क्या उनका यह व्यवहार सही था? इस पर जयमंगल सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि यह सही नहीं है. उन्होंने कहा, “हम भी डांटते हैं, लेकिन किसी को गाली नहीं देते.” जयमंगल सिंह ने जयराम महतो को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि वह उन्हें कई बार अलग-अलग मामलों को लेकर समझाते हैं और जयराम उनकी बात भी मानते हैं. हालांकि, उन्होंने सरकारी पदाधिकारी के साथ इस तरह के व्यवहार को गलत करार दिया. उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार नहीं होना चाहिए. खासकर किसी के परिवार को लेकर गाली-गलौज करना बेहद निंदनीय है. जयमंगल सिंह ने इस पूरे मामले को गलत प्रकरण बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. जयमंगल सिंह के इस बयान के बाद जयराम महतो विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है. अब देखना होगा कि इस मामले पर जयराम महतो या उनकी पार्टी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *