रांची में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना समेत 8 गिरफ्तार; 10 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा और प्रदीप उरांव समेत अन्य शामिल हैं।

वाहन चेकिंग के दौरान खुला गिरोह का राज

पुलिस के अनुसार, धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। जांच में उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल चोरी की निकली।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले संगठित गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य मुख्य रूप से ग्रामीण इलाकों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों को निशाना बनाते थे। वहां से बाइक चोरी करने के बाद नंबर प्लेट बदल दी जाती थी और वाहनों को ग्रामीण क्षेत्रों में कम कीमत पर बेच दिया जाता था।

सरगना पर पहले से दर्ज हैं 11 मामले

गिरफ्तार मुख्य आरोपी भरत बैठा का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हत्या और चोरी समेत कुल 11 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस की कार्रवाई के बाद रांची और आसपास के जिलों में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के दर्जनों मामलों का खुलासा होने की बात सामने आई है। बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस अब संबंधित थानों से जानकारी जुटा रही है।

SSP के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

गिरोह की गिरफ्तारी के लिए रांची SSP के निर्देश पर हटिया DSP नीरज कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में धुर्वा, जगन्नाथपुर और टाटीसिलवे थाना प्रभारी के अलावा कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *