टंडवा में पुलिस का बड़ा एक्शन, राहुल दुबे गैंग के अपराधी से मुठभेड़; गोली लगने से एक घायल

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

चतरा: टंडवा के कोयलांचल इलाके में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार तड़के पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। करीब दो घंटे तक चली कार्रवाई में गैंग के एक अपराधी को गोली लगी है। घायल अपराधी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया।

रात के अंधेरे में आमना-सामना

जानकारी के मुताबिक, पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ सुबह करीब 3 बजे से 5 बजे के बीच हुई। पुलिस को इलाके में अपराधियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष टीम ने इलाके में अभियान शुरू किया। इसी दौरान पुलिस का सामना राहुल दुबे गैंग के अपराधियों से हो गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें एक अपराधी को गोली लग गई। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।

सुशी इंफ्रा फायरिंग के बाद बढ़ी थी पुलिस की सक्रियता

राहुल दुबे गैंग पर पुलिस की नजर पहले से थी। बीते रविवार को चंद्रगुप्त कोल परियोजना में काम कर रही सुशी इंफ्रा कंपनी के कार्यालय में चार नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर करीब 20 राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में SIS का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था। फायरिंग के बाद अपराधियों ने मौके पर पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी ली थी। घटना के बाद टंडवा SDPO के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम लगातार अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

घटनास्थल के लिए रवाना हुए SP

मुठभेड़ की पुष्टि चतरा एसपी ने की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी खुद घटनास्थल के लिए रवाना हुए। पुलिस अब मुठभेड़ में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ताजा कार्रवाई को कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *