नई दिल्ली: बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के जल बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान हो गया है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दोनों राज्यों के बीच जल बंटवारे से संबंधित समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। समझौते के तहत बिहार को 5.75 MAF और झारखंड को 2.00 MAF पानी आवंटित करने पर सहमति बनी है। इससे झारखंड के पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई तथा पेयजल की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोन नदी के जल बंटवारे के विवाद के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता झारखंड में जल संसाधनों को मजबूत करने के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा। समझौता कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, बिहार के उपमुख्यमंत्री, झारखंड के जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन, झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित दोनों राज्यों और केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।