चतरा: अफीम और ब्राउन शुगर के बाद अब चतरा में गांजा तस्करों का सिंडिकेट भी सक्रिय होता नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तस्करी की एक बड़ी खेप बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चतरा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज पुलिस ने भोंदल (प्रतापपुर मोड़) के पास एक सफेद हुंडई कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 8.8 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार के घर पर छापेमारी कर 11 बोतल अंग्रेजी शराब भी जब्त की। पूछताछ और रोहित कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने हंटरगंज बाजार से पवन कुमार को भी गिरफ्तार किया। उसके पास से 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है।
चतरा शहर में खपाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, तस्कर गांजे की खेप को हंटरगंज से चतरा शहर ले जाकर युवाओं के बीच खपाने की तैयारी में थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से तस्करों की योजना नाकाम हो गई। मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट और उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।