Bokaro: 1993 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी बिनयतोष मिश्रा को ओडिशा का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। लंबे प्रशासनिक और पुलिस सेवा अनुभव वाले मिश्रा का झारखंड के बोकारो से भी पुराना और खास रिश्ता रहा है।
2014 में बोकारो में संभाली थी DIG की जिम्मेदारी
बिनयतोष मिश्रा 5 जनवरी 2014 से 21 दिसंबर 2014 तक CISF DIG के पद पर बोकारो में तैनात रहे। बोकारो में कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें IG पद पर पदोन्नति मिली और दिल्ली स्थित CISF मुख्यालय में IG हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
ओडिशा में कई अहम पदों पर दी सेवाएं
मिश्रा ने ओडिशा के बालासोर, बरहामपुर और जाजपुर में SP के रूप में काम किया। इसके अलावा उन्होंने क्राइम ब्रांच, इंटेलिजेंस ब्रांच, ट्रांसपोर्ट, होमगार्ड और फायर सर्विसेज जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी जिम्मेदारी संभाली।
कई प्रतिष्ठित पदकों से सम्मानित
उनकी सेवाओं के लिए उन्हें कई महत्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2009 में राष्ट्रपति पुलिस पदक, 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस, 2017 में आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक और 2019 में राज्यपाल पदक से सम्मानित किया गया।
बोकारो से पारिवारिक रिश्ता भी
बिनयतोष मिश्रा का बोकारो से सिर्फ प्रशासनिक नहीं, बल्कि पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव भी रहा है। उनकी पत्नी ममता झा और उनके ससुर एवं साहित्यकार स्वर्गीय पंडित विद्यानंद झा बोकारो के सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजनों से जुड़े रहे हैं। ओडिशा के नए DGP के रूप में नियुक्ति के बाद बोकारो के लोगों ने उनके पुराने कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।