रांची: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC-JSSC परीक्षा की कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन छात्रों के शांतिपूर्ण धरना स्थल को खाली कराने पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक दल तत्काल धरना स्थल पर पहुंचा। नेताओं के पहुंचने और मीडिया व जनदबाव बढ़ने के बाद प्रशासन को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।भाजपा नेताओं ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रात के अंधेरे में छात्रों के आंदोलन को दबाने की कोशिश लोकतांत्रिक तरीके से चल रहे संघर्ष को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनके न्याय की लड़ाई में मजबूती से सहयोग करती रहेगी।धरना स्थल पर छात्रों से मुलाकात करने वालों में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही, धनबाद विधायक राज सिन्हा, डाल्टेनगंज विधायक आलोक चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी जोगेंद्र प्रताप सिंह और अशोक बड़ाईक सहित अन्य नेता मौजूद रहे।