चतरा: बेहतर रोजगार और रोजी-रोटी की तलाश में घर से हजारों किलोमीटर दूर आंध्र प्रदेश गए चतरा के एक युवक की दर्दनाक हादसे में जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी 34 वर्षीय अनिल भारती के रूप में हुई है। बताया गया कि अनिल करीब 10 दिन पहले काम की तलाश में विजयवाड़ा गया था। वहां काम अनुकूल नहीं लगने के बाद वह अपने दो साथियों के साथ वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मंगलवार दोपहर आंध्र प्रदेश के टुनी रेलवे स्टेशन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने उसका क्षत-विक्षत शव बरामद किया।
घर पहुंची मौत की खबर तो मचा कोहराम
मंगलवार शाम जैसे ही अनिल की मौत की सूचना उसके परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। अनिल अपने पीछे पत्नी और पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के लिए यह हादसा आर्थिक और भावनात्मक रूप से बड़ा संकट बन गया है।
शव लाने में आर्थिक परेशानी बनी बाधा
परिजनों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे आंध्र प्रदेश से शव को अपने पैतृक गांव लाने में असमर्थ हैं। परिवार ने चतरा जिला प्रशासन से तत्काल मदद की अपील की है।इसके साथ ही परिजनों ने चतरा सांसद कालीचरण सिंह और विधायक जनार्दन पासवान से भी हस्तक्षेप कर शव को गांव तक लाने में सहयोग करने की गुहार लगाई है। परिवार की मांग है कि प्रशासन जल्द सहायता उपलब्ध कराए, ताकि अनिल का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव में किया जा सके।