Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन सोमवार को अपने उग्र तेवर में नजर आया. विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने 8वीं बैरिकेडिंग के पास वाटर कैनन का सहारा लिया. तेज पानी की बौछारें चलीं, लेकिन छात्रों के कदम पीछे नहीं हटे. पानी की धार के बीच भी प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे और कई छात्र जोश में झूमते नजर आए. मौके का माहौल ऐसा रहा कि पुलिस की पानी की बौछार भी प्रदर्शनकारियों के हौसले को कम नहीं कर सकी.
8वीं बैरिकेडिंग बनी आमने-सामने की जंग का मैदान
विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे छात्रों को पुलिस लगातार रोकने में जुटी है. वहीं प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं. इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच लगातार तनातनी बनी हुई है. छात्रों का कहना है कि JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का समाधान और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. वहीं प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. फिलहाल 8वीं बैरिकेडिंग के पास स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है. एक तरफ पुलिस का वाटर कैनन और दूसरी तरफ छात्रों का जोश—दोनों के बीच टकराव का यह नजारा पूरे आंदोलन को और गरमा रहा है.