सम्मान से बढ़ती है जिम्मेदारी, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें विद्यार्थी : शिल्पी नेहा तिर्की

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची/इटकी: राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि विद्यार्थियों को मिलने वाला सम्मान केवल उनकी सफलता का प्रतीक नहीं, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में पढ़ाई बीच में नहीं छोड़ने की अपील की। बुधवार को इटकी प्रखंड परिसर में आयोजित भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी सम्मान समारोह में मंत्री ने मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पात्र विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का भी वितरण किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री ने बताया कि इस सम्मान समारोह की शुरुआत लगभग 20 वर्ष पहले हुई थी, जब वह जनप्रतिनिधि भी नहीं थीं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यह परंपरा आज भी लगातार जारी है। उनका कहना था कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और समाज में बेहतर योगदान देने के लिए प्रेरित करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि इस मंच से सम्मानित कई विद्यार्थी आज डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक और प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष सम्मानित छात्र-छात्राएँ भी अपने परिवार, समाज और राज्य का नाम रोशन करेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते ड्रॉपआउट पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि कई विद्यार्थी दसवीं या बारहवीं के बाद पढ़ाई छोड़ देते हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने और उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने का आग्रह किया।

मंत्री ने इटकी में अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे रोजगार और नए अवसर पैदा होंगे। हालांकि इन अवसरों का लाभ स्थानीय युवाओं को तभी मिलेगा, जब वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास पर ध्यान देंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और दुष्प्रचार से सावधान रहने की सलाह देते हुए विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने तथा शिक्षा और कौशल विकास पर पूरा ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी गिरेन्द्र टूटी, प्रखंड अध्यक्ष रमेश महली, उपप्रमुख प्रवेज राजा सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। साथ ही मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के विभिन्न संकायों के प्रखंड स्तरीय टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *