खूंटी: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने खूंटी में बड़ी कार्रवाई की है। एएचटीयू सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रिश्वतखोरी की शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी को रिश्वत की रकम लेते समय धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम उन्हें अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। ACB अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वत की मांग किस मामले में की गई थी तथा इसमें अन्य लोगों की भूमिका तो नहीं है। भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की इस कार्रवाई को राज्य में सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।