कोयला कारोबारियों पर ईडी का शिकंजा, धनबाद में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

धनबाद/रांची: झारखंड में कोयला कारोबार से जुड़े मामलों की जांच तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह धनबाद में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। एजेंसी की कई टीमों ने एक साथ विभिन्न ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, डिजिटल उपकरण और वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू की।

सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध कोयला कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल के तहत की जा रही है। जांच के दायरे में कोयला कारोबारी एलबी सिंह, अनिल गोयल और उनसे जुड़े कई कारोबारी व सहयोगी शामिल बताए जा रहे हैं। ईडी की टीम वित्तीय लेन-देन और कारोबारी संबंधों की परतें खोलने में जुटी हुई है।

कई कारोबारियों के ठिकाने जांच के घेरे में

जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी केवल बड़े कारोबारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सहयोगियों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है। गणेश यादव, शेखर यादव, पप्पू मंडल, हरेंद्र चौहान और आलोक समेत कई नाम जांच के घेरे में बताए जा रहे हैं।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

कोयला कारोबार से जुड़े इस नेटवर्क पर ईडी पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पूर्व झारखंड और पश्चिम बंगाल में हुई छापेमारी के दौरान एजेंसी ने अवैध कोयला परिवहन, ठेका आवंटन, हवाला लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों की जांच की थी। इसी क्रम में कई कारोबारियों को पूछताछ के लिए समन भी भेजे गए थे।

फिलहाल ईडी की टीम विभिन्न स्थानों से जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *