कांग्रेस में नैतिकता है तो झारखंड सरकार से समर्थन वापस ले : रघुवर दास

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर नीट मामले में राजनीति करने और झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, राजद, सपा, आप और वामदल नीट मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं पर कुछ नहीं बोल रहे हैं।रघुवर दास ने राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल किया कि झारखंड में युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ पर उनकी चुप्पी क्यों है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस और वामदलों में थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें झारखंड सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए। तभी यह माना जाएगा कि वे छात्रों के हितों को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि एक ऐसी निजी एजेंसी को परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी दी गई, जिसे पहले उत्तर प्रदेश और झारखंड में ब्लैकलिस्ट किया जा चुका था। उन्होंने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। रघुवर दास ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार ने नीट यूजी पेपर लीक मामले में तत्काल सीबीआई जांच के आदेश दिए थे, उसी तरह झारखंड सरकार को भी जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की सीबीआई जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के मामलों में झारखंड देश में सबसे आगे है और राज्य सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में लगी हुई है। उन्होंने उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा की दौड़ के दौरान जान गंवाने वाले 19 युवाओं का भी मुद्दा उठाया और राज्य सरकार से मृतक अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही राहुल गांधी से झारखंड आकर पीड़ित परिवारों से मिलने और उन्हें न्याय दिलाने की अपील की। रघुवर दास ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, जिसमें दोषियों के लिए 10 साल तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। अंत में उन्होंने छात्र-छात्राओं से किसी भी राजनीतिक उकसावे में नहीं आने और लोकतांत्रिक तथा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य, शिक्षा और करियर सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और उनके परिश्रम से ही देश मजबूत और विकसित बनेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *