इटखोरी के आशा ज्वेलर्स से चोरी हुए जेवरात मामले में SIT की कार्रवाई, चोरी के गहने, बाइक और मोबाइल बरामद

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

चतरा: जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में 12 जुलाई को हुए 60 लाख रुपये के बहुचर्चित जेवर चोरी मामले का चतरा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने ओडिशा के जाजपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटखोरी निवासी दिलीप कुमार सोनी अपनी आशा ज्वेलर्स दुकान बंद कर जेवरात से भरा बैग मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कलाली रोड स्थित एक मोबाइल दुकान में निजी कार्य से जाने पर अपराधियों ने उनकी बाइक की डिक्की से जेवरात से भरा बैग चोरी कर लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के जाजपुर जिले के जाखापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दशमनिया गांव में छापेमारी कर 22 वर्षीय दीपक प्रधान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के घर से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की लाल-काले रंग की टीवीएस अपाचे-160 मोटरसाइकिल और एक सैमसंग स्मार्टफोन बरामद किया। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर सह-अभियुक्त आकाश प्रधान के ससुराल घर से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (WB05BE-9764), चोरी के चांदी के जेवरात तथा ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद किया गया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ ओडिशा के विभिन्न थानों में चोरी, छिनतई और लूट के कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

बरामद सामानों में चांदी की पांच जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, सैमसंग और ओप्पो कंपनी के दो स्मार्टफोन, एक बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे-160 मोटरसाइकिल तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल (WB05BE-9764) शामिल हैं।

फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, जबकि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी लगातार जारी है। चतरा पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *