रामगढ़: रामगढ़ की खतरनाक चुटुपालू घाटी में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची से हजारीबाग की ओर जा रहा लकड़ी लदा ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ब्रेक फेल होते ही अनियंत्रित हुआ ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाटी से गुजरने के दौरान ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
केबिन में फंसे चालक को लोगों ने निकाला
हादसे के बाद चालक ट्रक के केबिन में दबकर फंस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।