रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
2015 बैच के आईपीएस अधिकारी एहतेशाम वकारिब को जमशेदपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह सीआईडी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर कार्यरत थे। सरकार ने उन्हें अगले आदेश तक जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी है।
वहीं, 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज स्वर्गियारी को सरायकेला-खरसावां का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। वह अब तक जैप-3 के कमांडेंट के रूप में सेवाएं दे रहे थे। तबादले के बाद उन्हें सरायकेला-खरसावां जिले की कमान सौंपी गई है।
यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब जमशेदपुर में हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही और अपराध नियंत्रण में विफलता को गंभीरता से लेते हुए जमशेदपुर के तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को मंगलवार देर रात उनके पदों से हटा दिया था। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करते हुए ‘वेटिंग फॉर पोस्टिंग’ में रखा गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।