चतरा: जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के हरदियाटांड़ गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान 25 वर्षीय कैली देवी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी मंसू परहिया ने गुस्से में आकर पत्नी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर की छत पर खून के निशान और वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे बरामद किए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
वारदात के बाद आरोपी पति और उसके परिजन घर छोड़कर फरार हो गए हैं। कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने बताया कि मामले में मृतका के परिजनों के आवेदन या पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।