Ranchi: झारखंड में लंबे समय से लंबित चल रहे गंभीर आपराधिक मामलों के निष्पादन को लेकर अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में CID मुख्यालय में 12 जून से विशेष समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जो 19 जून तक जारी रहेगी।
इस दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों में दर्ज 50 महत्वपूर्ण मामलों की जांच प्रगति का आकलन किया जाएगा। CID की ओर से संबंधित अनुसंधान अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे केस डायरी, अद्यतन जांच रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर मुख्यालय में उपस्थित हों।
बैठक में हत्या, डकैती, आर्थिक अपराध और महिलाओं के विरुद्ध अपराध जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारी यह समीक्षा करेंगे कि किन मामलों में जांच धीमी है, चार्जशीट दाखिल होने में देरी क्यों हो रही है और जांच को प्रभावित करने वाली चुनौतियां क्या हैं।
CID का उद्देश्य लंबित मामलों की मॉनिटरिंग को मजबूत बनाते हुए जांच प्रक्रिया में तेजी लाना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है। समीक्षा के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे।