मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल के आईसीयू वार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद कई मरीजों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान आईसीयू समेत अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। वहीं पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।