/नई दिल्ली: भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों में जेल में बंद निलंबित IAS अधिकारी विनय चौबे की जमानत याचिका पर अब सुप्रीम कोर्ट में 17 जुलाई को सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक सूची के मुताबिक, उनकी बेल याचिका उसी दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है।
करीब एक साल से जेल में बंद विनय चौबे ने राहत की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मामले की सुनवाई जस्टिस अरविन्द कुमार और जस्टिस प्रसन्ना बी वारले की बेंच कर रही है। अब तक हुई सुनवाई में अदालत ने मामले से जुड़े अन्य पक्षों को नोटिस जारी किया है।
इससे पहले 28 अप्रैल को झारखंड हाईकोर्ट ने विनय चौबे की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया था।
विनय चौबे का नाम हजारीबाग के चर्चित लैंड स्कैम मामले में सामने आया है। इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने कांड संख्या 11/2025 दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने इस केस में विनय चौबे के करीबी विनय सिंह, उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह समेत कई लोगों को आरोपी बनाया है।
अब सभी की निगाहें 17 जुलाई को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां सुप्रीम कोर्ट उनकी जमानत पर महत्वपूर्ण फैसला सुना सकता है।