रांची: राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से एसएसपी राकेश रंजन रविवार देर रात अचानक सड़कों पर उतर आए। उन्होंने शहर के कई प्रमुख थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, रात्रि गश्ती और जवानों की सतर्कता का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधिकारी पारस राणा भी मौजूद रहे।
अचानक हुए निरीक्षण से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। एसएसपी ने अलग-अलग थानों में पहुंचकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और गश्ती व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने थाना प्रभारियों से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जल्द निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही रात के समय गश्ती दल को अधिक सक्रिय रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा।
एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजधानी में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि रात्रि गश्ती में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर वाहनों की जांच भी की गई और देर रात घूम रहे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।