Ranchi: राजधानी रांची के करम टोली चौक स्थित प्रसिद्ध LEVEE TAVERN रेस्टोरेंट और बार में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट के अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया. हालांकि दमकल विभाग की टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब चार बजे रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने परिसर से घना धुआं निकलते देखा. कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया. कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना होटल के जनरल मैनेजर को दी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को खबर दी गई.
बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह सात बजे तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया.
इस घटना में रेस्टोरेंट के अंदर मौजूद टेबल, कुर्सियां, सजावटी सामान और एसी की पाइपलाइन पूरी तरह जल गई. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया, जिससे रूफटॉप बार और नीचे स्थित एक कमरा सुरक्षित बच गया.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच की जा रही है.